प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट का सफल आयोजन खेल के माध्यम से प्रतिभा निखारने पर दिया गया जोर, विजेता टीमों को किया गया सम्मानित
चौपारण : प्रखंड स्टेडियम में सोमवार को प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश भास्कर ने फीता काटकर एवं फुटबॉल को किक मारकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करना चाहिए। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करता है।
टूर्नामेंट में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-15 बालक वर्ग, अंडर-17 बालिका वर्ग तथा अंडर-17 बालक वर्ग के रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय, चौपारण की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बसरिया को 2-0 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, टोईया की टीम विजेता बनी, जबकि उत्क्रमित उच्च विद्यालय, इंगुनिया उपविजेता रहा। अंडर-15 बालक वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, इंगुनिया ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि के.वी.एस.एस. प्लस टू उच्च विद्यालय, चौपारण की टीम उपविजेता रही।
कार्यक्रम का सफल संचालन जनार्दन प्रसाद वर्मा ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में बीपीएम मो. आरिफ, सुरेंद्र कुमार दास, जितेंद्र कुमार सिंह, गुलाब साव, बसंत कुमार दास, शैलेंद्र कुमार पांडेय, प्रभाकर कुमार अंबुदी, किशन कुमार, सौरभ सिंह, गिरधारी महतो, राकेश कुमार, शशि कुमार, यशवंत कुमार, रूपलाल रविदास, दयानंद ठाकुर, बीरेंद्र मेहता एवं मनुतोष सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा विजेता एवं उपविजेता टीमों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। प्रतियोगिता ने यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.