हाथी ने एक की जान ली एक गम्भीर

हज़ारीबाग : बरकट्ठा में जंगली हाथियों का उत्पात: एक की मौत,एक गंभीर रुप से घायल, हाथियों ने किया कई स्थानों पर नुकसान संवादसूत्र जागरण बरकट्ठा (हजारीबाग): शुक्रवार रात जंगली हाथियों के झुंड ने बरकट्ठा प्रखंड के कई गांवों में जमकर उत्पात मचाया। ग्राम केंदुआ, पंचायत चुगलामो में रूपलाल यादव पिता बुटू यादव की हाथियों के हमले में मौत हो गई। इसके बाद हाथियों का झुंड तुर्कबाद होते हुए गैड़ा गांव पहुंचा, जहां पीडीएस दुकान संचालक युगल पासवान पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में उनका एक हाथ टूट गया तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि उनकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही गैड़ा के उप मुखिया चंद्रदीप पाण्डेय मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायल युगल पासवान को तत्काल इलाज के लिए बरकट्ठा सामुदायिक अस्पताल भेजा गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया है वन विभाग की टीम भी पूरी रात हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। इसी दौरान छहरियामो की ओर बढ़ते समय हाथियों ने बसरामो गांव में कुर्बान मियां की दुकान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। दुकान में रखा सामान बिखेर दिया और खाद्य सामग्री को खा गए ।बरकट्ठा वन विभाग के फॉरेस्टर पंकज कुमार ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के अंधेरे में बाहर न निकले घरों के बाहर रौशनी रखे । हाथी की किसी भी प्रकार की जानकारी वन विभाग को उपलब्ध करावे 24 घंटे वन विभाग की टीम पेट्रोलिंग कर रही है ।

रिपोर्टर : गोपाल प्रसाद 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.