एनएच-522 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

विष्णुगढ़ : विष्णुगढ़ प्रखंड के अलपीटो पंचायत निवासी जीतू यादव की मंगलवार देर शाम सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना एनएच-522 पर शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच हुई। बताया जाता है कि जीतू यादव अपने घर के पास टहलने निकले थे। इसी दौरान विष्णुगढ़ की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। 
मृतक जीतू यादव अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। बताया जाता है कि वे एक गरीब परिवार से थे और परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनके असामयिक निधन से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से मृतक के आश्रितों को शीघ्र मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। ऐसे में सरकार यदि सहायता राशि, पारिवारिक लाभ योजना और बच्चों की शिक्षा के लिए विशेष सहयोग उपलब्ध कराती है तो यह परिवार के लिए बड़ी राहत होगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी कर उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग की है।

रिपोर्टर : संदीप मिश्रा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.