अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था तार-तार, सीसीटीवी में कैद हुई बाइक चोरी की लाइव वारदात
बरही (हजारीबाग) : अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलते हुए एक बार फिर बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना के संबंध में पीड़ित प्रदीप कुमार केशरी (निवासी तिलैया रोड) ने बरही थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
इलाज कराने आए मरीज की उड़ी बाइक
जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार केशरी मंगलवार को इलाज कराने के लिए अनुमंडलीय अस्पताल आए थे। उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH 02BC 5970) को अस्पताल परिसर में निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा किया और अंदर चले गए। जब वे उपचार कराकर बाहर लौटे, तो उनकी बाइक उस स्थान से गायब थी।
सीसीटीवी में लॉक तोड़ता दिखा चोर
बाइक गायब होने की सूचना के बाद जब अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो चोरी की लाइव वारदात सामने आई। फुटेज में एक अज्ञात युवक बड़ी ही चालाकी से बाइक का लॉक तोड़कर उसे अपने साथ ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है।
सुरक्षा गार्डों पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी
अस्पताल परिसर में सुरक्षा गार्डों की तैनाती होने के बावजूद इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इस घटना से अस्पताल आने वाले मरीजों और आम लोगों में भारी चिंता है। इधर, बरही थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध चोर की पहचान और बाइक की बरामदगी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
रिपोर्टर : राहुल राणा
No Previous Comments found.