चौपारण पश्चिमी मंडल भाजपा की पहली पदाधिकारी बैठक संपन्न, संगठन सशक्त बनाने पर जोर
चौपारण : भारतीय जनता पार्टी चौपारण पश्चिमी मंडल के पदाधिकारियों की पहली बैठक शुक्रवार को पंचायत भवन यवनपुर में मंडल अध्यक्ष कुलदीप पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक समितियों के गठन तथा कार्यकर्ताओं को सम्मान देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि एवं बरही विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव ने कहा कि भाजपा में अध्यक्षीय व्यवस्था है, लेकिन संगठन की मजबूती सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने से ही संभव है। उन्होंने बूथ स्तर तक समितियों का गठन कर संगठन को और सशक्त बनाने का आह्वान किया। पूर्व मंडल अध्यक्ष भरत सिंह ने संगठन को धारदार बनाने, कार्यकर्ताओं का सम्मान करने तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहने पर बल दिया। वहीं निवर्तमान मंडल अध्यक्ष मुकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं। उन्होंने सभी कार्यक्रमों का अभिलेख रखने एवं पदाधिकारियों के बीच नियमित समन्वय बनाए रखने की बात कही। बैठक के दौरान निवर्तमान मंडल अध्यक्ष मुकेश सिन्हा ने नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष कुलदीप पांडेय को विधिवत मंडल का प्रभार सौंपते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। साथ ही उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं मंडल अध्यक्ष कुलदीप पांडेय ने पूर्व मंडल अध्यक्षों भरत सिंह, मुकुंद साव एवं मुकेश सिन्हा को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया और उनके मार्गदर्शन में संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक में महामंत्री अशोक कुमार ठाकुर एवं गुलाब रजक, उपाध्यक्ष राजकुमार यादव, केशरी नायक और पुष्पा सिंह, मंत्री राजेश राणा, कोषाध्यक्ष घनश्याम नायक सहित मंडल के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.