'नन्हा सा दिल' अभियान से बच्चों को मिलेगा नया जीवन, 11 जुलाई से बरही प्रखंड में लगेंगे विशेष शिविर
हजारीबाग : अनुमंडलीय अस्पताल में हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को समय पर पहचान और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बरही प्रखंड में 11 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक 12 दिवसीय विशेष 'नन्हा सा दिल' (CHD) स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा। अनुमंडलीय अस्पताल बरही में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उपाधीक्षक डॉ. प्रकाश ज्ञानी ने यह जानकारी दी। 30 विशेष शिविरों का होगा आयोजन डॉ. प्रकाश ज्ञानी ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रखंड की सभी पंचायतों में कुल 30 विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के स्वास्थ्य की निःशुल्क जांच की जाएगी। चिन्हित जरूरतमंद बच्चों को 'श्री सत्य साई अस्पताल, छत्तीसगढ़' एवं 'राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK)' के संयुक्त प्रयास से पूरी तरह मुफ्त इलाज और ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी।
इन विद्यालयों और केंद्रों में लगेंगे शिविर
इस स्क्रीनिंग कैंप सेंटर के अंतर्गत निम्नलिखित प्रमुख स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे:
* कोनरा बॉयज स्कूल, कोनरा
* मिडिल स्कूल, बरही (बॉयज मिडिल स्कूल)
* मदरसा तकूजे इस्लाम, कोनरा
* पी.एस. उर्दू स्कूल
* पी.एस. डी.ए.वी. स्कूल
* प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल, बरही
* यू.एम.एस. पोडियां
* यू.एम.एस. उज्जैन
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
चिकित्सकों के अनुसार, कई बार जन्मजात हृदय रोग के लक्षणों को सामान्य बीमारी समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। यदि बच्चे में ये लक्षण दिखें, तो उन्हें तुरंत शिविर में लाएं:
* बच्चों की धड़कन तेज चलना।
* शरीर या होठों में नीलापन दिखना।
* वजन न बढ़ना या बार-बार सर्दी-खांसी और निमोनिया होना।
* सांस लेने में परेशानी होना या दूध पीते समय अत्यधिक पसीना आना।
रहने-खाने और इलाज का खर्च उठाएगी संस्था
आरबीएसके के मेडिकल ऑफिसर डॉ. मो. एजाज, डॉ. मेराजुल इस्लाम और डॉ. अमन कुमार ने बताया कि वर्तमान में 15 सक्रिय मरीजों की पहचान कर उनकी निगरानी की जा रही है। अब तक कई बच्चों का सफल ऑपरेशन कराया जा चुका है। इस योजना के तहत विशेषज्ञ परामर्श, ऑपरेशन, दवा, अस्पताल में भर्ती, आवास, भोजन तथा बच्चे के साथ परिजनों के आने-जाने का पूरा खर्च संस्था द्वारा वहन किया जाता है।
प्रेस वार्ता में उपस्थित डॉक्टरों और प्रतिनिधियों ने सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें निकटतम शिविर तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित न रहे।
रिपोर्टर : राहुल राणा
No Previous Comments found.