भूषणडीह विद्यालय चोरी कांड का चौपारण पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

चौपारण :  चौपारण थाना क्षेत्र के राजकीय मध्य विद्यालय, भूषणडीह में गुरुवार की देर रात हुई चोरी की घटना का चौपारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल उद्भेदन कर लिया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने चोरी गए अधिकांश सामान बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चोर देर रात विद्यालय परिसर में घुसे और सबसे पहले कार्यालय का कब्जा एवं ताला उखाड़ दिया। इसके बाद उन्होंने आईसीटी लैब की चाबी तलाश की, लेकिन चाबी नहीं मिलने पर करीब 13 ताले तोड़ दिए तथा सिकड़ी काटकर लैब में प्रवेश किया। वहां से छह बैटरियां, एक स्टेबलाइजर और एक आईआर कैमरा चोरी कर लिया। इस दौरान लैब में रखे अन्य उपकरणों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

शुक्रवार अहले सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीणों की नजर संदिग्ध लोगों पर पड़ी। ग्रामीणों द्वारा आवाज लगाने पर चोर एक साइकिल छोड़कर चोरी का सामान लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक उमेश कुमार सिंह को दी गई। इसके बाद उन्होंने चौपारण थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।

आवेदन प्राप्त होते ही थाना प्रभारी पंकज कुमार ने स्वयं मामले का संज्ञान लिया और पुलिस टीम के साथ जांच शुरू की। तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर की गई पूछताछ में घटना का खुलासा हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने इस मामले में राकेश राणा (पिता– रूदो राणा), संतोष कुमार यादव (पिता– महेश यादव), युगेश माली (पिता– महेंद्र माली) तथा रितेश कुमार यादव (पिता– शंकर यादव), सभी निवासी भूषणडीह, को गिरफ्तार किया है। सभी से पूछताछ जारी है। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

रिपोर्टर :  अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.