बरही में चोरों का तांडव: बंद कमरे की खिड़की तोड़कर 10 लाख के जेवर और नकदी पार, सदमे में पीड़ित परिवार

हजारीबाग : बरही थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी बररीबाना में चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोलते हुए एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। अज्ञात चोरों ने देवेन्द्र सिंह के घर में घुसकर लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर पीड़ित देवेन्द्र सिंह (61 वर्ष) द्वारा बरही थाना प्रभारी को दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, घटना 9 जुलाई 2026 की रात की है। पूरा परिवार रात करीब 12 बजे खाना खाकर सो गया था। सुबह करीब 5 बजे जब लोग जगे, तो देखा कि आंगन का दरवाजा और एक अन्य कमरा अंदर से बंद था। जब उन्होंने बाहर से जाकर देखा, तो कमरे की खिड़की टूटी हुई थी और उसकी लोहे की ग्रिल बाहर निकली हुई थी।

बेटी की शादी के लिए रखा चढ़ावा और पुश्तैनी जेवर गायब
चोरों ने कमरे के भीतर रखी गोदरेज, अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सारे कीमती सामान समेट लिए। पीड़ित दंपति ने बताया कि कुछ ही दिनों बाद उनकी बेटी की शादी होने वाली है। महज 4 दिन पहले ही बेटी की रिंग सेरेमनी (छेका) संपन्न हुई थी, जिसमें मिले तमाम उपहार, चढ़ावा और गहने उसी कमरे में रखे थे। इसके साथ ही पत्नी के अपने पुश्तैनी जेवर भी उसी अलमारी में बंद थे।
चोरी गए सामानों की सूची:

* बेटी की शादी के गहने: सोने का चैन (2 पीस), सोने की ईयरिंग (4 जोड़ा), सोने की अंगूठी (3 पीस), सोने का मंगलसूत्र (1 पीस), चांदी की पायल (4 जोड़ा) और सोने की नथुनी (2 जोड़ा)।
* पत्नी के गहने: गले का सोने का चैन (1 पीस), सोने का गहना (1 जोड़ा), सोने का मंगलसूत्र (1 पीस), चांदी की पायल (4 जोड़ा), सोने की नथुनी (2 पीस) और सोने की कनवाली (2 जोड़ा)।
* नकदी: लगभग ₹4,000/- नगद और अन्य छोटे-मोटे सामान।

पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गए कुल जेवरातों की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये है। शादी वाले घर में हुई इस बड़ी वारदात से परिवार के सामने आगे के आयोजन को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
सिलसिलेवार चोरियों से दहशत में व्यवसायी और आम नागरिक
बरही इलाके में पिछले कुछ दिनों के भीतर चोरों ने एक के बाद एक कई वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है।

   1. माही स्टोर में चोरी: दो दिन पहले ही तिलैया रोड स्थित संजय राणा के माही स्टोर को चोरों ने निशाना बनाया था।
   2. धनबाद रोड में शटर काटकर चोरी: धनबाद रोड स्थित एक दुकान का शटर काटकर चोरों ने हाथ साफ किया।
   3. फॉल्स सीलिंग काटकर चोरी: एक अन्य दुकान में चोरों ने फॉल्स सीलिंग (Falsceiling) काटकर भीतर प्रवेश किया और चोरी की।

जनता का सवाल: आखिर कब लगेगा चोरों के मनोबल पर लगाम?
एक के बाद एक हो रही इन चोरियों से स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि आखिर चोरों का मनोबल इतना कैसे बढ़ गया है कि उन्हें पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रहा? व्यापारियों ने मांग की है कि पुलिस रात में गश्त बढ़ाए और इन मामलों का त्वरित उद्भेदन करे, ताकि आम नागरिक और व्यापारी बिना किसी डर के अपना जीवन और व्यापार चला सकें।
फिलहाल, पीड़ित देवेन्द्र सिंह के आवेदन पर बरही थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

रिपोर्टर : राहुल कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.