बरही में पुलिस की नुक्कड़ सभा: नशा और कुप्रथाओं के खिलाफ जनता से मांगी भागीदारी
हजारीबाग : रही अनुमंडल पुलिस द्वारा 'पुलिस आपके द्वार' कार्यक्रम के तहत रविवार को बरही चौक पर एक विशेष नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज से नशा, डायन प्रथा जैसी अंधविश्वासी कुप्रथाओं और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को जड़ से खत्म करना था। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आर्यभट्ट कोचिंग संस्थान के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अपराध रोकने के लिए जनता का साथ जरूरी सभा को संबोधित करते हुए एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने साफ कहा कि केवल पुलिस की सक्रियता से अपराध मुक्त समाज नहीं बन सकता, इसमें आम जनता की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और महिलाओं व बच्चियों का सम्मान करने की अपील की। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की बात कही।
सुरक्षा और सोशल मीडिया पर विशेष जोर
महिला थाना प्रभारी राधा रागिनी ने बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा को पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त किया कि वे किसी भी तरह की छेड़खानी या साइबर अपराध की स्थिति में बिना डरे सीधे पुलिस से संपर्क करें। वहीं, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार ने युवाओं को सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए इसका इस्तेमाल जिम्मेदारी से करने और अफवाहों से बचने की सलाह दी।
एकजुटता से ही बदलेगा समाज थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है, जिससे निपटने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। सद्भावना विकास मंच के अध्यक्ष राजसिंह चौहान ने सामाजिक कुप्रथाओं को मिटाने के लिए 'शिक्षा' को सबसे बड़ा हथियार बताया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव, और जिला परिषद सदस्य प्रीति कुमारी सहित कई गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार रखे और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
रिपोर्टर : राहुल राणा
No Previous Comments found.