10 अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त, 11,500 किलो जावा महुआ नष्ट; 1,100 लीटर चुलाई शराब जब्त

हजारीबाग : हजारीबाग जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग ने सोमवार को चौपारण थाना क्षेत्र के भगहर गांव एवं बिहार सीमा से सटे जंगल-पहाड़ी इलाकों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई उपायुक्त हजारीबाग के निर्देश तथा सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में चौपारण थाना पुलिस के सहयोग से की गई। छापेमारी के दौरान टीम ने जंगलों में संचालित 10 अवैध चुलाई शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। मौके से शराब निर्माण में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में बर्तन, उपकरण एवं अन्य सामग्री जब्त की गई। साथ ही लगभग 11,500 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया तथा करीब 1,100 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद कर जब्त की गई। इस बड़ी कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान पूरी होने के बाद सभी आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। छापेमारी दल में उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सय्यद बसिरुद्दीन, सहायक अवर निरीक्षक एंटोनी बागे, सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान तथा चौपारण थाना पुलिस के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.