ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर वीएलई को मिला प्रशिक्षण, पंचायत विकास में डिजिटल प्रविष्टियों की भूमिका पर जोर
बरकट्ठा : प्रखंड कार्यालय सभागार में सोमवार को जिला पंचायत राज कार्यालय के निर्देश पर संकुल स्तरीय जीपीडीपी (ग्राम पंचायत विकास योजना) के तहत ई-ग्राम स्वराज पोर्टल एवं निर्णय पोर्टल के संचालन तथा आवश्यक प्रविष्टियों को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण में बरकट्ठा, चलकुशा और ईचाक प्रखंड की सभी पंचायतों में कार्यरत वीएलई ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने ई-ग्राम स्वराज एवं निर्णय पोर्टल के प्रभावी संचालन, योजनाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि, अभिलेखों के अद्यतन, वित्तीय एवं विकासात्मक सूचनाओं के समयबद्ध संधारण सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को सफल बनाने में डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पंचायतों से संबंधित योजनाओं, कार्यों और वित्तीय विवरणों की सही एवं समय पर की गई ऑनलाइन प्रविष्टियां ही विकास योजनाओं की पारदर्शिता, निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से पोर्टल पर शत-प्रतिशत सटीक और समयबद्ध डेटा अपलोड करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर डिजिटल कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा ग्रामीण विकास को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में तीनों प्रखंडों के सभी पंचायतों के वीएलई, प्रशिक्षक में बड़कागांव प्रखंड के बीपीसी मोहम्मद सफीक, डाडी प्रखंड के बीपीसी सूरज कुमार, बरकट्ठा प्रखंड के बीपीसी राहुल कुमार, चलकुशा प्रखंड के बीपीसी राजेश्वर यादव व जन्मजय सिंह उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : गोपाल प्रसाद
No Previous Comments found.