लोकतंत्र की बुनियाद होगी मजबूत: बरही SDO की पहल पर राजनीतिक दलों ने मिलाया हाथ, आज हर बूथ पर 'मृत मतदाताओं' का होगा सत्यापन

हजारीबाग : चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में बरही प्रशासन ने एक बड़ी मुहिम शुरू की है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) जोहन टुडू ने सोमवार को सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक हाई-लेवल मीटिंग की। बैठक का सीधा और स्पष्ट संदेश था—लोकतंत्र की शुचिता के लिए एक-एक वोट का सही और अपडेटेड होना अनिवार्य है। अब बूथ स्तर पर 'फिल्टर' होगी वोटर लिस्ट प्रशासन की इस मुहिम के तहत आज प्रत्येक मतदान केंद्र (बूथ) पर एक विशेष बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बीएलए-2 और स्थानीय जनप्रतिनिधि मिलकर बैठेंगे। बैठक की सबसे बड़ी प्राथमिकता बूथवार मृत मतदाताओं की सूची का भौतिक सत्यापन करना है, ताकि किसी भी मृत व्यक्ति का नाम वोटर लिस्ट में न रहे और सूची पूरी तरह पारदर्शी बन सके।

कम ऑनलाइन सत्यापन वाले बूथों पर विशेष नजर
एसडीओ जोहन टुडू ने उन मतदान केंद्रों पर गहरी चिंता जताई है जहाँ ऑनलाइन सत्यापन का ग्राफ उम्मीद से कम है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि वे बीएलओ के साथ बेहतर तालमेल बिठाएं और आम जनता को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें। उन्होंने साफ किया कि एक शुद्ध और त्रुटिरहित वोटर लिस्ट ही मजबूत लोकतंत्र का आधार है, और इसमें शत-प्रतिशत डिजिटल सत्यापन बेहद जरूरी है।
पक्ष-विपक्ष सब आए साथ
प्रशासन की इस गंभीर पहल का सभी राजनीतिक दलों ने पुरजोर स्वागत किया। बैठक में मौजूद विभिन्न दलों के नेताओं ने न सिर्फ अपने जरूरी सुझाव साझा किए, बल्कि इस पुनरीक्षण अभियान को पूरी तरह सफल और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का सामूहिक संकल्प भी लिया।
इन प्रमुख नेताओं की रही मौजूदगी: इस सर्वदलीय बैठक में विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर (बीएलए-1), कृष्ण कुमार मेहता (सीपीआई-एमएल), अब्दुल मनान वारसी (कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष), देवानंद प्रसाद (झामुमो प्रखंड अध्यक्ष), संतोष रविदास (बसपा नेता), मो. तौकीर रजा, नागेश्वर रजक (भाजपा मंडल अध्यक्ष), मनोज उपाध्याय और रिजवान अली सहित क्षेत्र के कई अन्य वरिष्ठ राजनीतिक चेहरे मौजूद रहे।

रिपोर्टर : राहुल राणा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.