सुरेखा प्रकाश भाई पब्लिक स्कूल में बास्केटबॉल चैंपियनशिप का रोमांचक फाइनल, सुभाष हाउस बना विजेता
चौपारण : नवभारत जागृति केंद्र द्वारा संचालित सुरेखा प्रकाश भाई पब्लिक स्कूल में आयोजित अंतर-हाउस बालक वर्ग बास्केटबॉल चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला रोमांच और खेल भावना से भरपूर रहा। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीमवर्क और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में सुभाष हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जेपी हाउस को 27–14 के अंतर से पराजित कर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।
सेमीफाइनल मुकाबलों में सुभाष हाउस ने टैगोर हाउस को हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि जेपी हाउस ने गांधी हाउस को मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया। निर्णायक मुकाबले में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया, लेकिन सुभाष हाउस के खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल, अनुशासित खेल और शानदार रणनीति के सामने जेपी हाउस टिक नहीं सका।
विजेता टीम की ओर से आदर्श कुमार सिंह, मौन्टी कुमार, विशाल कुमार, विशु कुमार, आयुष कुमार, वीर कुमार, सुमित कुमार एवं बंटी कुमार ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आदर्श कुमार सिंह को "प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट" चुना गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या रीना पांडे ने टॉस उछालकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ खेलने का संदेश दिया।
मैच में राकेश रंजन ने रेफरी तथा उमेश भगत ने स्कोरर की भूमिका का निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक निर्वहन किया, जिससे प्रतियोगिता का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
समापन समारोह में प्राचार्या रीना पांडे ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि सुभाष हाउस के खिलाड़ियों ने जिस स्तर का खेल प्रस्तुत किया, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी हाउस प्रभारी, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। प्रतियोगिता ने एक बार फिर साबित किया कि सुरेखा प्रकाश भाई पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.