जनता दरबार में डीसी ने सुनीं लोगों की समस्याएं.. भूमि,पेंशन, आवास, मुआवजा व सड़क समेत विभिन्न मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश...

हजारीबाग :  समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त हेमंत सती ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने भूमि विवाद, म्यूटेशन, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मंईया सम्मान योजना,पारिवारिक विवाद, सरकारी योजनाओं के लाभ, मुआवजा भुगतान, रोजगार, भूमिदान, खासमहल भूमि, पीएम कुसुम योजना, मारपीट, किरायेदारों द्वारा मकान खाली नहीं करने तथा सड़क व अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित आवेदन सौंपे।उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक मामले की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ शिकायतों का निस्तारण करने तथा मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए लोगों को शीघ्र राहत देने का निर्देश दिया। जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया है। उपायुक्त ने सभी मामलों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.