धमना मोड़ बना मौत का मोड़, हर दिन हादसों का खतरा: 18 वर्षों से टोल वसूली जारी, फिर भी अधूरी सड़क
बरही : धमना।एनएच-19 पर चौदहदहा-गोरहर सिक्स लेन परियोजना वर्षों से अधूरी पड़ी है, लेकिन रसोइया-धमना टोल प्लाजा से लगातार करोड़ों रुपये की टोल वसूली जारी है। कोनरा निवासी मो. इसरार अंसारी द्वारा 8/4/2026 को दायर आरटीआई के जवाब में एनएचएआई के अनुसार अब तक लगभग 1596 करोड़ रुपये टोल के रूप में वसूले जा चुके हैं, जबकि सड़क और पुल निर्माण का कार्य अभी भी पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाया है।
सबसे गंभीर स्थिति धमना मोड़ के पास बनी हुई है। यहां अधूरे ब्रिज के दोनों ओर केवल मिट्टी भरकर अस्थायी रास्ता बना दिया गया है। भारी वाहनों के लिए यह रास्ता बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। लगभग हर दूसरे दिन ट्रेलर, हाइवा और अन्य भारी वाहन मिट्टी में फंसकर पलट जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
वाहनों के पलटने के बाद एनएच-19 पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। इस जाम में एम्बुलेंस, स्कूली वाहन, स्थानीय लोग और दूर-दराज के यात्री घंटों फंसे रहते हैं। कई बार गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों का दैनिक जीवन भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया, प्रशासन और संबंधित विभाग को ज्ञापन भी सौंपा, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। लोगों का आरोप है कि टोल वसूली पूरी क्षमता से हो रही है, लेकिन सड़क निर्माण की गति बेहद धीमी है। ऐसे में जनता के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब टोल लिया जा रहा है तो सुरक्षित और सुगम सड़क कब मिलेगी? जब तक धमना मोड़ के अधूरे ब्रिज और सड़क का निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा नहीं होता, तब तक यहां जान-माल का खतरा, लगातार होने वाले हादसे और घंटों का जाम लोगों की मजबूरी बना रहेगा। अब आवश्यकता है कि संबंधित एजेंसियां इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता दें और जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कर आम जनता को राहत दिलाएं।
रिपोर्टर : राहुल राणा
No Previous Comments found.