विद्यालय की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप, उपायुक्त से कार्रवाई की मांग

हजारीबाग : चौपारण प्रखंड के तेतरिया स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की भूमि पर अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। विद्यालय प्रबंधन समिति, मुखिया, वार्ड सदस्य एवं प्रधानाध्यापक ने संयुक्त रूप से उपायुक्त, हजारीबाग को आवेदन देकर विद्यालय की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय की गैरमजरूआ भूमि (खाता संख्या-43, प्लॉट संख्या-394, रकबा 27 डिसमिल) पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है। बताया गया है कि किसी ने शौचालय तो किसी ने मकान का निर्माण कर लिया है, जिससे विद्यालय परिसर प्रभावित हो रहा है।

आवेदन के अनुसार, इस संबंध में 10 मार्च 2026 को अंचल कार्यालय, थाना एवं संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई थी। साथ ही मौखिक रूप से भी कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

विद्यालय प्रबंधन समिति ने उपायुक्त से विद्यालय परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.