बिरहोर बच्चों संग केक काटकर रितेश खण्डेलवाल ने मनाया यादगार जन्मदिन

हजारीबाग : यूँ तो जन्मदिन खुशियां मनाने और अपनों के साथ यादगार पल बिताने का अवसर होता है, लेकिन हजारीबाग के युवा पत्रकार एवं समाजसेवी रितेश खण्डेलवाल ने अपने 29वें जन्मदिन को जरूरतमंद बिरहोर परिवारों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने के लिए समर्पित कर समाज के सामने सेवा, संवेदना और मानवीय मूल्यों की एक प्रेरणादायी मिसाल पेश की। रितेश खण्डेलवाल ने हजारीबाग शहर से सटे डेमोटांड़ स्थित बिरहोर बस्ती पहुंचकर वहां के बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान महिलाओं के बीच साड़ी, पुरुषों को धोती, गंजी एवं गमछा वितरित किया गया। वहीं बच्चों को बिस्कुट, चॉकलेट सहित अन्य खाद्य सामग्री के साथ स्लेट, चॉक, कॉपी, पेंसिल, रबर और शार्पनर जैसी शैक्षणिक सामग्री भेंट की गई। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। करीब एक घंटे तक सभी ने बिरहोर बस्ती में समय बिताया, बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनके साथ हंसी-खुशी के पल साझा किए। इसके बाद सभी बच्चों के साथ मिलकर केक काटा गया, जिससे जन्मदिन का यह अवसर पूरे बस्तीवासियों के लिए यादगार बन गया। लोगों ने रितेश खण्डेलवाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना की। इस अवसर पर रितेश खण्डेलवाल ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत खुशी का दिन नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का भी अवसर है। बिरहोर समुदाय के बच्चों के चेहरे पर मुस्कान देखना मेरे लिए किसी भी उपहार से कहीं अधिक मूल्यवान है। यदि हम अपने जीवन के विशेष अवसरों को समाज सेवा से जोड़ दें, तो अनेक जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियां ला सकते हैं। हजारीबाग यूथ विंग के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा कि रितेश खण्डेलवाल का यह प्रयास समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है। जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसर को समाज सेवा से जोड़ना वास्तव में अनुकरणीय पहल है। जरूरतमंद बच्चों और परिवारों के बीच जाकर खुशियां बांटना ही सच्ची मानव सेवा है। हमें विश्वास है कि रितेश की यह सोच अन्य युवाओं को भी प्रेरित करेगी कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों को समाजहित के कार्यों से जोड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें। इस अवसर पर हजारीबाग यूथ विंग के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन, उपाध्यक्ष विकास तिवारी, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया,संस्था के मार्गदर्शक संजय कुमार,कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन,राजेश जैन,सेजल सिंह,खुशी कुमारी,अजीत चंद्रवंशी,विनय पांडे सहित कई सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.