धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस का बयान विनोद कुशवाहा बोले, यह युवाओं के संघर्ष और लोकतंत्र की जीत

हजारीबाग : झारखंड कांग्रेस के प्रदेश संयोजक विनोद कुशवाहा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को देश के युवाओं, छात्रों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर लंबे समय से देशभर में छात्र-युवा आंदोलन कर रहे थे और लगातार बढ़ते जनदबाव के बाद यह फैसला सामने आया। विनोद कुशवाहा ने कहा कि पिछले 10 दिनों से नई दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में छात्र-युवा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलनरत थे। लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने वाले युवाओं ने साबित कर दिया कि जनहित के मुद्दों पर एकजुट आवाज को अनदेखा नहीं किया जा सकता।उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं ने लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। इससे युवाओं का शिक्षा व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया पर भरोसा कमजोर हुआ है। सरकार को केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ऐसी मजबूत व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कुशवाहा ने कहा कि देश के युवाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली चाहिए। इसके लिए परीक्षा प्रक्रिया में तकनीकी सुधार, जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन में शामिल सभी छात्र-युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि होती है। साथ ही उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार अब युवाओं की अपेक्षाओं के अनुरूप शिक्षा और भर्ती व्यवस्था में ठोस सुधारात्मक कदम उठाएगी।

रिपोर्टर : मुकेश 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.