बरही में परियोजना बालिका उच्च विद्यालय के छात्राओं को साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों का मिला विशेष प्रशिक्षण

हजारीबाग :  बदलते डिजिटल दौर में छात्राओं को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, बरही में बरही अनुमंडल पुलिस द्वारा "पुलिस आपके द्वार" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच तथा आपातकालीन सहायता सेवा डायल 112 की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने कहा कि मोबाइल फोन और सोशल मीडिया आज शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, लेकिन इनका गलत उपयोग गंभीर अपराधों और मानसिक परेशानियों का कारण भी बन सकता है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे पढ़ाई और सकारात्मक कार्यों के लिए ही मोबाइल का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन गतिविधि से सतर्क रहें।

महिला थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, साइबर बुलिंग और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की धमकी, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में बिना डर के तत्काल पुलिस से संपर्क करें और डायल 112 या संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी खुलकर अपने सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक तरीके से उत्तर दिया। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, पुलिस पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की उपस्थिति रही। अंत में छात्राओं ने साइबर सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : राहुल राणा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.