उत्क्रमित उच्च विद्यालय दैहर के 42 विद्यार्थियों को मिली साइकिल
हजारीबाग : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी साइकिल वितरण योजना के तहत उत्क्रमित उच्च विद्यालय दैहर में शनिवार को कक्षा आठ के 42 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। साइकिल मिलते ही विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।साइकिलों का वितरण ग्राम मुखिया ब्रह्मदेव भुइयाँ एवं समाजसेवी नागेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार की यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए बेहद लाभकारी है। इससे छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी और वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर बेहतर ढंग से पढ़ाई कर सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने तथा मन लगाकर पढ़ाई कर अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष संगीता देवी, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। ग्रामीण सुरेश कुमार दांगी एवं अशोक पासवान ने भी समारोह में भाग लेकर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।साइकिल वितरण के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा। विद्यार्थियों की मुस्कान और उत्सुकता ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया। उपस्थित लोगों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.