जिला पुस्तकालय को मिली ज्ञान की बड़ी सौगात, एंजल्स स्कूल ने दान की करीब एक हजार पुस्तकें
हजारीबाग : शहर के डिस्ट्रिक्ट बोर्ड चौक स्थित नवनिर्मित जिला पुस्तकालय को समृद्ध बनाने की मुहिम को शुक्रवार को बड़ी मजबूती मिली। एंजल्स स्कूल, हजारीबाग की ओर से पुस्तकालय के लिए करीब एक हजार पुस्तकों का दान किया गया। पुस्तकों के इस योगदान से पुस्तकालय में अध्ययन सामग्री का विस्तार होगा और खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।जिला प्रशासन की ओर से शुरू किए गए पुस्तक दान अभियान के तहत लगातार विभिन्न शैक्षणिक और सामाजिक संस्थानों का सहयोग मिल रहा है। एंजल्स स्कूल की ओर से दी गई पुस्तकों में विद्यार्थियों के लिए उपयोगी अध्ययन सामग्री शामिल है, जिससे जिला पुस्तकालय में पढ़ने आने वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।नवनिर्मित जिला पुस्तकालय का उद्घाटन आगामी 15 अगस्त 2026 को प्रस्तावित है। उद्घाटन से पहले पुस्तकालय को उपयोगी और समृद्ध बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक स्तर पर पुस्तक संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि पुस्तकालय विद्यार्थियों के लिए अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी का बेहतर केंद्र बने।
इस अवसर पर जिला प्रशासन ने एंजल्स स्कूल प्रबंधन और सांसद मनीष जायसवाल के सहयोग के प्रति आभार जताया। साथ ही जिले के अन्य शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की गई कि वे अपनी उपयोगी पुस्तकों का दान कर पुस्तकालय को समृद्ध बनाने में सहयोग करें। प्रशासन ने कहा कि पुस्तकों का यह छोटा-सा योगदान भी विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।पुस्तक दान के अवसर पर जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी, नीति आयोग के फेलो सुरेश कुमार, सत्यम, निदा, डीएमएफटी के प्रोजेक्ट मैनेजर टीपू सुल्तान, सांसद के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, एंजल्स हाई स्कूल के अभिजीत कुमार सानू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.