हजारीबाग में हम नेताओं का भव्य स्वागत, संगठन विस्तार पर बनी रणनीति

हजारीबाग : हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा  के राष्ट्रीय महासचिव एवं झारखंड प्रभारी सुनील कुमार चौबे तथा प्रदेश अध्यक्ष हरे कृष्ण महाराज का रविवार को हजारीबाग परिसदन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष राजकुमार (बब्लू) कुशवाहा के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक रणनीति और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव सुनील कुमार चौबे ने कहा कि पार्टी के संरक्षक एवं केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी की विचारधारा को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक मजबूत संगठन तैयार करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।प्रदेश अध्यक्ष हरे कृष्ण महाराज ने कहा कि झारखंड में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और सामाजिक न्याय की विचारधारा से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत किया जाएगा।जिला अध्यक्ष राजकुमार कुशवाहा ने कहा कि हजारीबाग जिले में संगठन विस्तार अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने का अभियान तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाला समय हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) का होगा।

प्रदेश संगठन सचिव शमीम अख्तर ने कहा कि पार्टी सुनियोजित रणनीति के तहत झारखंड में लगातार संगठन विस्तार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के बढ़ते समर्थन से पार्टी राज्य की राजनीति में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव अनिल सिंह, प्रदेश सचिव अंकित पांडे, मुस्ताक खान,हिस्बातुल्लाह अंसारी, तौकीर आलम, मोहम्मद बिट्टू, दानिश अख्तर, इम्तियाज, संतोष, रविन्द्र सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.