सावन की पहली सोमवारी पर चोरदाहा में शिवभक्ति का महासंगम
हजारीबाग : सावन माह की पहली सोमवारी पर चौपारण प्रखंड के चोरदाहा में श्रद्धा और आस्था का अनुपम दृश्य देखने को मिला। सैकड़ों शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए भव्य जलाभिषेक यात्रा निकाली। हर-हर महादेव और बोल बम के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
सोमवार सुबह चोरदाहा शिव मंदिर परिसर से गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ जलाभिषेक यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा में महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सभी श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए बिहार के भलुआ स्थित उत्तरवाहिनी महाने नदी पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पवित्र जल भरा गया।
इसके बाद श्रद्धालु कांवड़ में जल लेकर नाचते-गाते और भक्ति गीतों की धुन पर झूमते हुए पुनः चोरदाहा शिव मंदिर पहुंचे। मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक कर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, समाज की खुशहाली तथा देश और विश्व में शांति एवं समृद्धि की कामना की।
पूरी यात्रा के दौरान मार्ग भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। जगह-जगह स्थानीय ग्रामीणों ने शिवभक्तों का स्वागत किया तथा जलपान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं। महिला श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने इस धार्मिक आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि सावन की पहली सोमवारी पर भगवान शिव का जलाभिषेक विशेष फलदायी माना जाता है। इसी धार्मिक आस्था और विश्वास के साथ बड़ी संख्या में लोग इस पावन आयोजन में शामिल हुए। सफल आयोजन के बाद पूरे दिन चोरदाहा एवं आसपास के क्षेत्रों में भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.