लीज नवीकरण के लिए 15 अगस्त तक आवेदन अनिवार्य

हजारीबाग : जिले के खास महाल प्रकोष्ठ ने सभी खास महाल लीजधारियों एवं उनके वैध उत्तराधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए 15 अगस्त 2026 तक लंबित आवेदनों को अनिवार्य रूप से जमा करने की अपील की है। प्रकोष्ठ द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि खास महाल क्षेत्र की लीज भूमि का नवीकरण प्रत्येक 30 वर्ष के अंतराल पर किया जाता है। जिले के अधिकांश लीजधारियों की लीज अवधि 31 मार्च 2008 को समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लीजधारियों अथवा उनके वैध उत्तराधिकारियों ने अगले 30 वर्षों के लिए लीज नवीकरण, नामांतरण, उत्तराधिकारी नामांतरण, हस्तांतरण, प्रयोजन परिवर्तन, बंदोबस्ती तथा वंशावली से संबंधित आवेदन आवश्यक दस्तावेजों के साथ अब तक जमा नहीं किए हैं। इसके कारण लीज नवीकरण एवं अन्य प्रक्रियाएं लंबित पड़ी हुई हैं।खास महाल प्रकोष्ठ ने ऐसे सभी लीजधारियों एवं उनके वैध उत्तराधिकारियों से अनुरोध किया है कि जिनका कोई भी मामला लंबित है, वे 15 अगस्त 2026 तक सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन खास महाल प्रकोष्ठ, हजारीबाग कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करें।प्रशासन ने कहा है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्राप्त होने से लीज नवीकरण एवं अन्य संबंधित मामलों का त्वरित निष्पादन संभव हो सकेगा। साथ ही सभी संबंधित लोगों से समय पर आवेदन देकर प्रशासनिक प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की गई है।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.