युवा चेहरे राहुल रंजन ने बढ़ाई चुनावी सक्रियता, जिला परिषद भाग-2 में जनसंपर्क अभियान तेज
हजारीबाग : जिला परिषद क्षेत्र भाग-2 में चुनावी सरगर्मियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में युवा समाजसेवी राहुल रंजन ने चुनाव लड़ने की मंशा जाहिर करते हुए क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। वे लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं, उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। उनके अभियान को विशेष रूप से युवाओं का अच्छा समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है।जनसंपर्क के दौरान राहुल रंजन ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना और जनसेवा के माध्यम से लोगों का विश्वास जीतना है। उन्होंने कहा कि वे हरसंभव लोगों की मदद करने का प्रयास करेंगे तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास करेंगे। साथ ही क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष मजबूती से उठाने का काम करेंगे।
जनसंपर्क अभियान के दौरान कई युवाओं ने राहुल रंजन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। युवाओं का कहना था कि क्षेत्र को एक सक्रिय, ऊर्जावान और जनसरोकारों से जुड़े नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने राहुल रंजन को हरसंभव सहयोग देने और अधिक से अधिक लोगों तक उनकी बात पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
राहुल रंजन ने कहा कि जनता का विश्वास और युवाओं का साथ उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने लोगों से निरंतर संवाद बनाए रखने और क्षेत्र के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। क्षेत्र में राहुल रंजन की बढ़ती सक्रियता और लगातार जनसंपर्क अभियान को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जैसे-जैसे जिला परिषद चुनाव नजदीक आएंगे, भाग-2 का चुनावी माहौल और अधिक सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.