स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज,कर्ज़न ग्राउंड में होगा मुख्य समारोह
हजारीबाग- स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य,आकर्षक और गरिमामय ढंग से आयोजित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें समारोह की रूपरेखा, झंडोत्तोलन कार्यक्रम, परेड, सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्य राजकीय समारोह पूर्व की भांति कर्ज़न ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां सुबह 9:05 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि समारोह पूरी भव्यता और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाए।
बैठक में विभिन्न सरकारी कार्यालयों में झंडोत्तोलन का समय भी निर्धारित किया गया। इसके अनुसार उपायुक्त आवासीय कार्यालय में सुबह 8:15 बजे, आयुक्त कार्यालय में 9:50 बजे, उपायुक्त कार्यालय में 10:05 बजे, होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र सिंदूर में 10:25 बजे, रेड क्रॉस सोसाइटी में 10:50 बजे तथा पुलिस लाइन में 11:00 बजे झंडोत्तोलन होगा।मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज को सार्जेंट मेजर द्वारा सलामी दी जाएगी। परेड में झारखंड जिला पुलिस बल, बीएसएफ मेरु, गृह रक्षा वाहिनी,एनसीसी (सीनियर विंग बालिका एवं सीनियर डिवीजन बालक), जेआरएफ तथा जैप-7 स्काउट के प्लाटून भाग लेंगे। परेड के दौरान बीएसएफ मेरु कैंप का बैंड आकर्षण का केंद्र रहेगा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सेना के जवानों द्वारा फुल ड्रेस रिहर्सल भी आयोजित की जाएगी।
बैठक में कर्ज़न ग्राउंड की साफ-सफाई, रंग-रोगन और अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को रिहर्सल और मुख्य समारोह के दौरान एम्बुलेंस एवं चिकित्सकीय व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा गया।उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 15 अगस्त को प्रखंड कार्यालयों एवं पंचायत सचिवालयों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ गरिमापूर्ण ढंग से झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित कराया जाए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मीडिया इलेवन और प्रशासन इलेवन के बीच मैत्रीपूर्ण फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा। अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
संवाददाता - मुकेश सिंह हजारीबाग
No Previous Comments found.