ब्लड बैंक में रक्त की कमी, जिला प्रशासन ने बढ़ाया स्वैच्छिक रक्तदान अभियान
हजारीबाग : शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्वैच्छिक रक्तदान अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को समाहरणालय परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में कुल छह यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। प्रशासन ने जिले के नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में सहयोग करने की अपील की है। जिला प्रशासन ने बताया कि ब्लड बैंक में वर्तमान में रक्त की उपलब्धता आवश्यकता के मुकाबले काफी कम है। सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों, आपातकालीन सर्जरी,प्रसूति, थैलेसीमिया, कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को प्रतिदिन बड़ी मात्रा में रक्त की जरूरत पड़ती है। ऐसे में रक्त की कमी होने पर मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।इसी आवश्यकता को देखते हुए समाहरणालय परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान अभियान लगातार चलाया जा रहा है। प्रशासन ने जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ साथ युवाओं और आम नागरिकों से इस मानवीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।प्रशासन का कहना है कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकता है। इसलिए स्वस्थ नागरिक समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं और जरूरतमंदों की जान बचाने में सहभागी बनें।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.