जिला पुस्तकालय को कोचिंग एसोसिएशन ने भेंट कीं 2500 से अधिक पुस्तकें डीडीसी बोलीं विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों का यह योगदान अनुकरणीय.
हजारीबाग : जिला प्रशासन की पहल पर पुराने समाहरणालय परिसर में स्थापित किए जा रहे जिला पुस्तकालय के लिए हजारीबाग कोचिंग एसोसिएशन ने 2500 से अधिक प्रतियोगी एवं शैक्षणिक पुस्तकें जिला प्रशासन को भेंट कीं। इन पुस्तकों में यूपीएससी, जेपीएससी, बीपीएससी, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग, जेएसएससी, जेटेट, सीटेट, झारखंड दारोगा, मेडिकल, इंजीनियरिंग समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की उपयोगी अध्ययन सामग्री शामिल है। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध कराना है।पुस्तकें प्राप्त करते हुए उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रिया सिंह ने हजारीबाग कोचिंग एसोसिएशन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि "विद्यादान सबसे श्रेष्ठ दान है। शिक्षकों द्वारा किया गया यह योगदान विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।" उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से सभी कोचिंग संचालकों का आभार व्यक्त किया।जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल अनुकरणीय है। उन्होंने बताया कि आगामी 15 अगस्त को उपायुक्त द्वारा पुराने समाहरणालय परिसर स्थित जिला पुस्तकालय का उद्घाटन किया जाएगा। यह पुस्तकालय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा।
हजारीबाग कोचिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष जेपी जैन ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पुस्तकालय की स्थापना विद्यार्थियों के हित में उठाया गया एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में शांत वातावरण में अध्ययन कर विद्यार्थी अपने लक्ष्य की बेहतर तैयारी कर सकेंगे। वहीं एसोसिएशन के सचिव डॉ. प्रकाश कुमार ने कहा कि संगठन हमेशा शिक्षा और समाजहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और आगे भी जिला प्रशासन के साथ मिलकर ऐसे जनहितकारी कार्य करता रहेगा।इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुदेश प्रसाद, मदवेंदु सिंह, मीडिया प्रभारी सहगल कुमार, डमर सर, आयुष रंजन, प्रकाश कुमार, मुकेश कुमार, महादेव कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कोचिंग संचालक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.