दूसरी सोमवारी पर बुढ़वा महादेव मंदिर में उमड़ी आस्था हजारीबाग यूथ विंग ने 51 लीटर दूध, बेलपत्र व पूजन सामग्री का किया निःशुल्क वितरण

हजारीबाग : सावन की दूसरी सोमवारी पर बुढ़वा महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजा अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए हजारीबाग यूथ विंग ने मंदिर परिसर में सेवा शिविर लगाकर 51 लीटर दूध, बेलपत्र तथा पूजा-अर्चना की आवश्यक सामग्री का निःशुल्क वितरण किया। सुबह से ही शिवभक्तों ने हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के बीच भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।सेवा शिविर में श्रद्धालुओं को दूध, बेलपत्र, अगरबत्ती, माचिस सहित अन्य पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस सेवा का लाभ उठाया और संस्था के इस प्रयास की सराहना की। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि सावन की सोमवारी भगवान शिव की आराधना के साथ सेवा का भी पर्व है। उन्होंने कहा कि "भोलेनाथ के भक्तों की सेवा करना हमारे लिए सौभाग्य और पुण्य का कार्य है। हजारीबाग यूथ विंग का यह सेवा अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।"
वहीं, संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाना संस्था की पहचान है। उन्होंने कहा कि "सावन की प्रत्येक सोमवारी पर श्रद्धालुओं की सेवा का यह अभियान समाज में सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करता है। भविष्य में भी जनकल्याण और समाजसेवा से जुड़े कार्यों का दायरा और बढ़ाया जाएगा।"सेवा शिविर के सफल संचालन में संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खंडेलवाल, मार्गदर्शक संजय कुमार, विकास केशरी, कार्यकारिणी सदस्य सत्यनारायण सिंह, अनीता कुमारी, कैलाश कुमार, वर्षा डे सहित हजारीबाग यूथ विंग के कई पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.