अपराध समीक्षा बैठक में एसपी के सख्त निर्देश, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन
हजारीबाग : पुलिस अधीक्षक हजारीबाग की अध्यक्षता में मंगलवार को जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों,पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, अवैध खनन और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। एसपी ने आगामी ईद उल मिलाद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक तैयारी और सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।बैठक में महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म एवं पॉक्सो से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर विशेष जोर दिया गया। लंबित मामलों का त्वरित अनुसंधान करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वर्ष 2025 से पहले के लंबित कांडों को भी प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने को कहा गया।समीक्षा के दौरान बताया गया कि जुलाई 2026 में हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों में कुल 317 कांड दर्ज हुए, जबकि 668 कांडों का निष्पादन किया गया। इस दौरान 1225 वारंट एवं कुर्की का निष्पादन तथा 1749 पासपोर्ट का सत्यापन/निष्पादन किया गया।सभी थानों में लंबित जमानती एवं गैरजमानती वारंट,इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती के मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। जमीन विवाद के मामलों के समाधान के लिए प्रत्येक थाना में साप्ताहिक थाना दिवस आयोजित कर स्थानीय अंचलाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया। साथ ही साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।एसपी ने जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित कर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। संगठित अपराध गिरोह, अवैध खनन में संलिप्त लोगों तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सीसीए, थाना हाजिरी एवं गुंडा पंजी के तहत कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए अंचल अधिकारियों और जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार कार्रवाई करने को कहा गया। साइबर अपराध से जुड़े सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता से निष्पादित करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। थाना प्रभारियों को आम लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा पिछले पांच वर्षों में जेल से बाहर आए अपराधकर्मियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.