बरही-गया रोड के गड्ढों में उतरी युवा कांग्रेस, धान रोपकर जताया विरोध

जर्जर सड़क पर भरा बारिश का पानी, प्रदर्शनकारियों ने पीडब्ल्यूडी से पूछा—50 लाख की मरम्मत राशि गई कहां?

बरही-बरही-गया रोड की बदहाल तस्वीर ने अब विरोध का अनोखा रूप ले लिया है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी जमा होने के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को उन्हीं गड्ढों में धान रोपकर पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में स्थानीय लोगों के साथ स्कूली छात्र भी शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बरही से गया जाने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे बारिश के बाद पानी से भर गए हैं, जिससे सड़क पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है। वाहन चालकों और राहगीरों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाल के दिनों में इसी मार्ग पर एक ट्रेलर के पलटने की घटना भी सामने आई थी, जिसमें कई लोग बाल-बाल बच गए। ओल्ड जीटी रोड के कई हिस्सों की हालत भी इससे अलग नहीं है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सरफराज अहमद ने की। मौके पर प्रखंड प्रभारी सह जिला कांग्रेस महासचिव दीपक गुप्ता, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अब्दुल मनान वारसी, जिला कांग्रेस सचिव सुनील साव, विधानसभा युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष फिरदौस खान, कांग्रेस नेता तौकीर रजा, समाजसेवी राज कुमार केशरी, पंकज कुमार, व्यवसायी मनोज कुमार, राकेश कुमार, उपेंद्र कुमार, कुंदन कुमार, सत्यप्रकाश गुप्ता, अफजल खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

दीपक गुप्ता ने सड़क की बदहाली को सीधे तौर पर जनसुरक्षा से जोड़ते हुए सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति अब केवल आवागमन की परेशानी नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा का गंभीर सवाल बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी विभाग ने ओल्ड जीटी रोड के धमना मोड़ से अनुमंडल तक विशेष मरम्मत के नाम पर करीब 50 लाख रुपये का टेंडर किया था। ऐसे में विभाग को जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि उक्त राशि से सड़क पर कहां और कितना काम कराया गया।

उन्होंने कहा, “अगर मरम्मत के नाम पर राशि खर्च हुई है तो सड़क की हालत आज भी ऐसी क्यों है? जनता के पैसे का पूरा हिसाब देना होगा।” उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अब्दुल मनान वारसी ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति का सबसे अधिक खामियाजा स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।

वहीं, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सरफराज अहमद ने कहा कि बारिश के बाद सड़क के गड्ढों में पानी इस कदर भर जाता है कि सड़क और खेत में अंतर करना मुश्किल हो जाता है। इसी स्थिति को प्रतीकात्मक रूप से सामने लाने के लिए गड्ढों में धान रोपकर विभाग का ध्यान आकृष्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।

प्रदर्शन के दौरान उठी धान की पौध और सड़क के गड्ढों में जमा पानी ने बरही-गया रोड की बदहाली की तस्वीर को खुद-ब-खुद बयां कर दिया।

संवाददाता : राहुल राणा, बरही

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.