साप्ताहिक थाना दिवस में भूमि विवाद से साइबर अपराध तक कई मामलों का निपटारा पुलिस प्रशासन ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान
हजारीबाग : पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर शनिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संबंधित अंचलाधिकारियों की उपस्थिति में साप्ताहिक थाना दिवस का आयोजन किया गया। टाटीझरिया, कटकमसांडी, कटकमदाग, केरेडारी, मुफस्सिल, बरही, कोर्रा, उरीमारी, दारू, ईचाक, गिद्दी एवं चलकुशा थाना में आयोजित थाना दिवस में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।थाना दिवस के दौरान भूमि विवाद, सीआईआर पोर्टल से संबंधित मामले, साइबर अपराध, नशे के खिलाफ कार्रवाई, महिला अपराध, पारिवारिक विवाद, न्यायालय परिवाद तथा आपसी लड़ाई-झगड़े से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि गंभीर, संवेदनशील एवं लंबित मामलों में संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि थाना दिवस का उद्देश्य आम लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए सहज मंच उपलब्ध कराना और पुलिस-प्रशासन के समन्वय से विवादों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से आपसी विवादों को बातचीत एवं कानून के दायरे में रहकर सुलझाने की अपील की। साथ ही साइबर अपराध, नशे के कारोबार एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। पुलिस-प्रशासन की इस पहल से आम लोगों और पुलिस के बीच संवाद मजबूत होने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर विवादों के शीघ्र समाधान की उम्मीद जगी है।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.