नशा पूरे घर और समाज को बर्बाद करता है, इससे बचना जरूरी :थाना प्रभारी
कटकमदाग पुलिस ने पंचायत प्रतिनिधियों, महिलाओं और बच्चों के साथ चलाया व्यापक जागरूकता अभियान
हजारीबाग- कटकमदाग पुलिस द्वारा शनिवार को थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बेस, बनादाग एवं ढेंगुरा में नशा मुक्ति, डायन-बिसाही जैसी कुप्रथा और महिला प्रताड़ना के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे शामिल हुए।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए समाज से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। साथ ही डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक किया गया तथा महिला प्रताड़ना की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कानून और अधिकारों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की सामाजिक कुरीति, महिला उत्पीड़न अथवा नशे से संबंधित गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि जागरूक समाज के सहयोग से ही अपराध और सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
...............
थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे घर और पूरे समाज को बर्बाद कर देता है। इसलिए युवाओं और बच्चों को विशेष रूप से नशे से दूर रहना चाहिए।
.......................
उन्होंने कहा कि अभिभावक भी अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें अच्छे संस्कार व सकारात्मक वातावरण दें।
थाना प्रभारी ने लोगों से डायन बिसाही जैसी अंधविश्वासपूर्ण कुप्रथाओं का विरोध करने तथा महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार थाना स्तर एवं अन्य माध्यमों से गांव गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही है और इस अभियान में जनप्रतिनिधियों व आम लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है।
रिपोर्टर - मुकेश सिंह हजारीबाग
No Previous Comments found.