तालाब में डूबने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत
हजारीबाग : प्रखंड के भगत पंचायत अंतर्गत लोहरा गांव में गुरुवार सुबह तालाब में डूबने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुंदन भुइंया (8 वर्ष), पिता दशरथ भुइंया के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, कुंदन अपने घर के पीछे स्थित तालाब में कुछ अन्य बच्चों के साथ नहाने गया था। नहाने के दौरान बच्चे पेड़ की डाली से तालाब में छलांग लगा रहे थे। इसी क्रम में कुंदन ने भी पेड़ की डाली से पानी में छलांग लगाई, लेकिन वह तालाब के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। बताया जा रहा है कि घटना के करीब दो से तीन घंटे बाद परिजनों को कुंदन के तालाब में डूबने की जानकारी मिली। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे तथा बच्चे की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद कुंदन को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
कुछ दिन पहले ही पिता के साथ लौटा था गांव
बताया गया कि कुंदन कुछ समय से अपने पिता के साथ बिहार स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। कुछ दिन पूर्व ही उसके पिता दशरथ भुइंया बेटे के साथ लोहरा स्थित अपने घर लौटे थे। घर लौटने के कुछ ही दिनों बाद हुए इस दर्दनाक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलने पर चौपारण पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने अभिभावकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में बच्चों को तालाब, नदी एवं अन्य जलस्रोतों के पास अकेले न जाने दें और उनकी गतिविधियों पर विशेष नजर रखें।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.