प्रखंड अध्यक्ष उज्जवल सिंह के नेतृत्व में कई पंचायतों में चला अभियान, झापा में आवास पर हुआ अंतिम कार्यक्रम

चौपारण : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से सोमवार को चौपारण प्रखंड की कई पंचायतों में प्रखंड अध्यक्ष उज्जवल सिंह के नेतृत्व में जन जागरण अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को आगामी 7 सितंबर को आयोजित विशाल धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया। जन जागरण अभियान का अंतिम कार्यक्रम झापा पंचायत में प्रखंड अध्यक्ष उज्जवल सिंह के आवास पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में झापा पंचायत अध्यक्ष भरत कुमार एवं सचिव सुभाष कुमार सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने बताया कि 7 सितंबर के विशाल धरना प्रदर्शन में चौपारण प्रखंड से करीब 4 से 5 हजार लोगों को धरना स्थल तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन, संजीव कुमार बेदिया एवं जानकी प्रसाद यादव के समर्थन में नारे लगाए। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर धरना कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। मौके पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई सक्रिय कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.