गोहत्या रोकने के लिए बने केंद्रीय कानून, गोमाता को मिले राष्ट्रमाता का सम्मान
बरही : गो सम्मान आह्वान अभियान के तीसरे चरण में अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर गोभक्तों ने ग्राम पंचायत बसरिया, धनवार, करियातपुर एवं डपोक के मुखिया, मुखिया प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान अभियान के उद्देश्य की जानकारी देते हुए लोगों से अभियान में सहयोग करने की अपील की गई। गोभक्त इन्द्रदेव प्रसाद गुप्ता ने बताया कि यह पूरी तरह जन-जागरण एवं डोनेशन मुक्त अभियान है, जो संतों के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य गोमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का संवैधानिक सम्मान दिलाने तथा पूरे देश में गोहत्या पर रोक लगाने के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग को मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दो चरणों में अब तक 21 करोड़ से अधिक लोगों के हस्ताक्षर जुटाए जा चुके हैं। तीसरे चरण में हर गांव और घर तक पहुंचकर हस्ताक्षर अभियान को पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान से जुड़े लोगों ने कहा कि गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए मजबूत संवैधानिक व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं है, बल्कि गोमाता के संरक्षण और सम्मान के लिए जन-जागरूकता पैदा करना है। तीसरे चरण में गांव-गांव अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.