नाट्य मंचन के जरिए बच्चों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश, अधिकारियों ने किया जागरूक

बरही :  बरही अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रसोइया धमना में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने नाट्य मंचन के माध्यम से समाज को नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके कारण परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर एवं बरही थाना प्रभारी बिनोद कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाटक में शराब, गांजा, तंबाकू, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान को दर्शाया गया। नाट्य मंचन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां और सामाजिक व्यवस्था को भी प्रभावित करता है।

मौके पर उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, शिक्षक और समाज के लोगों को मिलकर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।

एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने कहा कि नशे की लत युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। वहीं थाना प्रभारी बिनोद कुमार ने कहा कि पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन समाज के सहयोग से ही इस अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुति को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। नाटक के माध्यम से दिए गए संदेश ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों एवं आयोजकों ने नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.