फुटबॉल टूर्नामेंट में नशा और साइबर अपराध के खिलाफ चला जागरूकता अभियान
हजारीबाग : कटकमसांडी थाना पुलिस की ओर से मंगलवार को ग्राम डांड पिचरी में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान नशा मुक्ति और साइबर अपराध को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस ने टूर्नामेंट में मौजूद खिलाड़ियों, युवाओं और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की अपील की।
पुलिस ने लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर असर पड़ता है। पुलिस ने किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री या सेवन की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की।इसके साथ ही पुलिस ने साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को सतर्क किया गया। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर अपराध की रोकथाम करना भी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.