विधायक ने सड़क निर्माण कंपनी के प्लांट का किया घेराव, पीड़ित परिवार को दिलाया मुआवजा
चौपारण : जीटी रोड स्थित बारा-महूदी के समीप सड़क हादसे में बारा निवासी स्व. रंजन कुमार सिंह की असामयिक मौत के मामले में बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को विधायक ने पाण्डेयबारा स्थित सड़क निर्माण कंपनी के प्लांट का घेराव करते हुए कंपनी प्रबंधन से वार्ता की। वार्ता के दौरान पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने पर सहमति बनी। विधायक ने सड़क निर्माण में बरती जा रही लापरवाही और जीटी रोड पर बने जानलेवा गड्ढों को लेकर भी कंपनी प्रबंधन को सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क पर बने गड्ढों को तत्काल भरने के साथ निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। विधायक ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और निर्माण कंपनी को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करना होगा। इसके बाद विधायक मनोज कुमार यादव बारा गांव पहुंचे और स्व. रंजन कुमार सिंह के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग और मदद का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे हर स्तर पर प्रयास करते रहेंगे।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.