मुरैननियां में नल-जल योजना खराब, पेयजल संकट को लेकर भाजपा नेता ने उठाई आवाज
चौपारण : प्रखंड के सुदूरवर्ती चोरदाहा पंचायत अंतर्गत ग्राम मुरैननियां में नल-जल योजना के तहत संचालित पेयजल व्यवस्था खराब होने से ग्रामीणों के समक्ष गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा पश्चिमी मंडल चौपारण के उपाध्यक्ष राजकुमार यादव ने इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए संबंधित विभाग से पेयजल व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि पेयजल व्यवस्था खराब होने के संबंध में चौपारण पीएचईडी के जेई से बात की गई, लेकिन उनके द्वारा इसे पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से ठीक कराने की बात कही गई। वहीं, पंचायत स्तर पर मरम्मत के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आ रही है।
राजकुमार यादव ने बताया कि पूर्व में भी मुरैननियां गांव में दूषित नाले का पानी पीने और उससे भोजन बनाने के कारण करीब 50-60 लोग एक साथ बीमार हो गए थे। उस समय हजारीबाग उपायुक्त द्वारा भी क्षेत्र का दौरा किया गया था, जिसके बाद ग्रामीणों के लिए नल-जल योजना के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था की गई थी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में योजना के खराब होने से ग्रामीणों को फिर से गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले में विशेष पहल करते हुए पेयजल व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.