दुर्गा पूजा तक अवैध शराब के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाने का निर्देश
हजारीबाग : उपायुक्त श्री हेमन्त सती की अध्यक्षता में मंगलवार को उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग के राजस्व संग्रहण, अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई एवं आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सहायक आयुक्त उत्पाद से चालू वित्तीय वर्ष के एमजीआर (न्यूनतम आबकारी राजस्व गारंटी) लक्ष्य एवं अब तक किए गए राजस्व संग्रहण की जानकारी ली। सहायक आयुक्त उत्पाद ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में 261 करोड़ रुपये के एमजीआर लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 98 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रहण किया जा चुका है।
उपायुक्त ने जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से कई होटल एवं अन्य प्रतिष्ठानों में अवैध रूप से शराब परोसे जाने की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि बिना वैध अनुमति शराब की बिक्री अथवा परोसने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कानूनी एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने सहायक आयुक्त उत्पाद एवं उनकी टीम को दुर्गा पूजा तक अवैध शराब के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि पर्व के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। सहायक आयुक्त उत्पाद ने अभियान एवं जांच कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए महिला बल की उपलब्धता का अनुरोध किया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्राचार करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने शराब की ओवर प्राइसिंग पर पूर्णतः रोक सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब की बिक्री किसी भी परिस्थिति में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित जांच एवं निगरानी के माध्यम से ओवर प्राइसिंग की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा उपायुक्त ने चोरदाहा स्थित अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर नियमित एवं प्रभावी निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि अवैध शराब के अंतरराज्यीय आवागमन पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। बैठक में सहायक आयुक्त उत्पाद सहित उत्पाद विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.