श्रमिकों का श्रमिक कार्ड में अनिवार्य पंजीकरण कराएं, बाल श्रमिकों के पुनर्वास पर भी दें विशेष ध्यान...

हजारीबाग : श्रमिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सभी कामगारों का श्रमिक कार्ड में अनिवार्य रूप से पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाएगा। मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में श्रम एवं नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभाग की योजनाओं और विभिन्न प्रखंडों में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने प्रखंडों में प्रतिनियुक्त श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों से बाल श्रम के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी ली। पदाधिकारियों ने बताया कि बाल श्रम की रोकथाम के अलावा प्रतिष्ठानों में श्रमिकों को निर्धारित न्यूनतम पारिश्रमिक मिलने की भी जांच की जा रही है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को बाल श्रम पर प्रभावी रोक लगाने के साथ बाल श्रमिकों के पुनर्वास पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाल श्रमिकों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए आवश्यक पहल की जाए। बाल श्रम के मामलों में नियमों के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।उपायुक्त ने श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने जिला श्रम अधीक्षक को प्रखंडवार लक्ष्य निर्धारित कर श्रमिकों के पंजीकरण में तेजी लाने को कहा। साथ ही प्रखंड स्तर पर पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने और पंजीकरण कार्य की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।
नियोजन विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं की रुचि और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप कौशल विकास प्रशिक्षण को बढ़ावा देने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने जिला नियोजन पदाधिकारी को दिसंबर में मेगा रोजगार मेला आयोजित करने की तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया। रोजगार मेले में अधिक से अधिक नियोक्ता संस्थानों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक समन्वय करने को कहा।
बैठक में श्रम एवं नियोजन विभाग के संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.