डीएवी पब्लिक स्कूल बरही में टाटा बिल्डिंग इंडिया निबंध प्रतियोगिता, 1000 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग
हजारीबाग : डीएवी पब्लिक स्कूल, बरही में शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को टाटा बिल्डिंग इंडिया निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के 1000 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी सोच का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का विषय था— “वर्ष 2047 तक भारत को विश्व का सर्वाधिक विकसित देश बनाने के लिए मैं पाँच कार्य करूँगा/करूँगी।” इस विषय पर विद्यार्थियों ने निर्धारित 100 से 300 शब्दों में अंग्रेजी भाषा में मौलिक निबंध लिखकर विकसित भारत के प्रति अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का संचालन अंग्रेजी के शिक्षकों द्वारा विभिन्न कक्षाओं में किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक लेखन, तार्किक चिंतन, मौलिक विचारों और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करना था। विद्यार्थियों ने शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, नवाचार और सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही, वर्ष 2047 तक भारत को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में अपनी भूमिका को भी रेखांकित किया।
एक हजार से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता ने प्रतियोगिता को विशेष महत्व प्रदान किया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के भविष्य के प्रति जागरूक होने और राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी समझने का अवसर मिला।
विद्यालय के प्राचार्य *पुष्प कुमार झा* ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सकारात्मक सोच और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाते हुए विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.