न्यू कॉलोनी में जर्जर रास्ते को लेकर लोगों में आक्रोश, दो वर्षों से गुहार के बावजूद नहीं हुआ समाधान
बरही : बरही प्रखंड अंतर्गत बरही पूर्वी पंचायत के न्यू कॉलोनी में आम रास्ते की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जर्जर और गड्ढों से भरे रास्ते के कारण उन्हें प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विडंबना यह है कि इस गली में करीब 25 घरों के अलावा एक अस्पताल और एक स्कूल भी है, जहां मरीजों, विद्यार्थियों और आम लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद रास्ते की स्थिति में सुधार नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रास्ते की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। गली के एक किनारे गंदा पानी जमा रहता है, जिससे दुर्गंध के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। बारिश के दौरान मिट्टी के बहाव से रास्ता और अधिक खराब हो जाता है। लोगों ने बताया कि रास्ते की बदहाली के कारण मोटरसाइकिल से गिरकर दो लोग घायल भी हो चुके हैं।
अपने पैसे से रास्ते की मरम्मत कराने को मजबूर लोग
रास्ते की बदहाली से परेशान स्थानीय लोगों ने आपसी सहयोग और निजी खर्च से कुछ स्थानों पर मिट्टी भराई कर सीमेंट के माध्यम से मरम्मत कराई है। हालांकि, यह अस्थायी व्यवस्था है और इससे पूरी गली की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर कब तक वे अपने निजी पैसे खर्च कर सार्वजनिक रास्ते की मरम्मत कराते रहेंगे? आम रास्ते की जिम्मेदारी संबंधित पंचायत और प्रशासन की है, लेकिन बुनियादी सुविधा के अभाव में लोगों को खुद ही व्यवस्था करनी पड़ रही है।
दो वर्षों से गुहार, फिर भी समस्या बरकरार
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वे पिछले दो वर्षों से पंचायत के मुखिया छोटन ठाकुर से रास्ते की समस्या दूर करने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों ने संबंधित जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से जल्द से जल्द रास्ते की मरम्मत कराने तथा जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल जाने वाले मरीजों और स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को रोजाना इस परेशानी से गुजरना पड़ता है। ऐसे में रास्ते की अनदेखी लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
अब देखना यह है कि संबंधित पंचायत और प्रशासन इस समस्या पर कब संज्ञान लेते हैं और न्यू कॉलोनी के लोगों को गड्ढों भरे रास्ते तथा गंदे पानी के जमाव से कब तक राहत मिलती है। मौके पर मौजूद लोग: जितेन्दर केशरी, महादेव यादव, महाबीर यादव, बालेश्वर यादव, किशुन यादव एवं रूपा देवी।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.