हजारीबाग में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने एवं खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण-सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर
हजारीबाग : उपायुक्त श्री हेमन्त सती की अध्यक्षता में आज 15 अक्टूबर को खेल एवं पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक। उपायुक्त ने जिले में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं पोषण उपलब्ध कराने तथा खेल के क्षेत्र में हजारीबाग को अग्रणी जिला बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए । बैठक में निर्णय लिया गया कि दुर्गा पूजा के बाद 1 नवंबर 2026 को आवासीय बालिका बैडमिंटन केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, हजारीबाग स्थित कर्जन मैदान (Curzon Ground) में बालिकाओं के लिए आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने हेतु खेल विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया, ताकि जिले की प्रतिभाशाली बालिकाओं को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। वॉलीबॉल, एथलेटिक्स एवं बास्केटबॉल के डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना के लिए खेल विभाग को पूर्व में भेजे गए प्रस्तावों के संबंध में उपायुक्त के स्तर से स्मार-पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं, कर्जन मैदान में एथलेटिक्स के लिए सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण की दिशा में भी पहल करने पर सहमति बनी। इससे खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा उनके प्रदर्शन में सुधार आएगा।
बैठक में विभिन्न खेल संघों द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सुविधा पर भी चर्चा की गई। खिलाड़ियों के यात्रा व्यय, भोजन एवं आवासन की व्यवस्था के लिए खेल निदेशक को राशि आवंटित करने के संबंध में पत्र भेजने का निर्देश दिया गया, ताकि खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के दौरान आवश्यक सहायता मिल सके।
प्रतिभाशाली एथलेटिक्स खिलाड़ियों के विशेष प्रशिक्षण पर जोर
उपायुक्त ने एथलेटिक्स प्रशिक्षक को प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए दो से तीन विशेष प्रशिक्षण सत्र संचालित करने तथा अभ्यास की गुणवत्ता एवं तीव्रता बढ़ाने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना और उन्हें पदक जीतने योग्य बनाना है।
इसके साथ ही, उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि कठिन परिश्रम करने वाले एवं विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए अतिरिक्त पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। इससे खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति एवं प्रदर्शन में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
बैठक में खेल सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने, खिलाड़ियों को पर्याप्त पोषण एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा जिले की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने पर विशेष बल दिया गया। इन पहलों के माध्यम से हजारीबाग में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर सृजित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। पर्यटन विभाग की समीक्षा उपायुक्त ने झील में बन रहे फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए जल्द उद्घाटन की प्रकिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया। टाटीझरिया में नव सुसज्जित मार्गीय सुविधा केंद्र का व्यापक प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले के सभी अधिसूचित पर्यटन क्षेत्रों के समुचित प्रसार प्रसार करने का निर्देश दिया। कैनरी हिल क्षेत्र में पर्यटकों की जानकारी के लिए साइन साइनेज अधिष्ठापित करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह,जिला योजना सह पर्यटन पदाधिकारी श्री पंकज कुमार तिवारी व अन्य उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.