दुर्गा पूजा को लेकर बरही चौक पर पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, उपद्रवियों से निपटने के लिए किया मॉक ड्रिल

हजारीबाग :  दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बरही पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में हजारीबाग एसपी के निर्देश पर बरही चौक पर पुलिस प्रशासन की ओर से दंगा नियंत्रण एवं उपद्रवियों से निपटने को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस बल ने भीड़ को नियंत्रित करने, तनावपूर्ण परिस्थितियों से निपटने तथा कानून-व्यवस्था बहाल करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। मॉक ड्रिल का नेतृत्व सार्जेंट मेजर कुमार देवव्रत ने किया। मौके पर बरही पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी विनोद कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए बरही चौक पर स्थानीय लोगों की काफी भीड़ जुटी।

उपद्रवियों की भीड़, पुतला दहन और नारेबाजी का दृश्य

मॉक ड्रिल के दौरान एक काल्पनिक उपद्रवी भीड़ को अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए दिखाया गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और वज्र वाहन के माध्यम से पानी की बौछार कर भीड़ को तितर-बितर करने का अभ्यास किया।

इसके बाद प्रदर्शनकारी दोबारा रैली के रूप में आगे बढ़ने लगे। इस दौरान सार्जेंट मेजर कुमार देवव्रत लगातार लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था का पालन करने की अपील करते रहे।

मजिस्ट्रेट ने सुनीं मांगें, गोली चलाने के आदेश का भी हुआ अभ्यास

मॉक ड्रिल के अगले चरण में प्रदर्शनकारियों की मांगों को सुनने के लिए मजिस्ट्रेट पुलिस प्रशासन के साथ मौके पर पहुंचे। मजिस्ट्रेट ने प्रदर्शनकारियों की मांगें सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया। इसके बावजूद प्रदर्शन जारी रहने का दृश्य प्रस्तुत किया गया।

इसके बाद मॉक ड्रिल के तहत मजिस्ट्रेट द्वारा पुलिस को गोली चलाने का आदेश दिए जाने की स्थिति का अभ्यास किया गया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को भागते हुए, जबकि कुछ को घायल होने की स्थिति में दिखाया गया। पुलिस ने घायलों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने निभाई उपद्रवियों की भूमिका

इस मॉक ड्रिल में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों ने उपद्रवियों की भूमिका निभाकर अभ्यास को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप बनाने में योगदान दिया। इनमें बरही पश्चिमी के मुखिया प्रतिनिधि छोटन ठाकुर, कोनरा पंचायत समिति सदस्य मो. सागीर, पंचायत समिति सदस्य मो. यूसूफ, उपमुखिया अजीत निषाद, मो. ताबिश, धीरज केशरी, छोटन स्वर्णकार, पप्पू निषाद, ननकी निषाद समेत कई लोग शामिल थे।

पुलिस प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान संभावित तनावपूर्ण परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस बल की तैयारी, त्वरित कार्रवाई और आपसी समन्वय को परखना रहा। मॉक ड्रिल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि त्योहार के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

रिपोर्टर : राहुल राणा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.