विद्युत व्यवस्था में सुधार को लेकर सख्त निर्देश, स्मार्ट मीटर से ग्रिड निर्माण तक कार्यों की समीक्षा...
हजारीबाग : उपायुक्त श्री हेमन्त सती की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में हजारीबाग एवं बरही विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसमिशन लाइन के रखरखाव तथा ग्रिड निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने विद्युत वितरण लाइनों के आसपास बड़े पेड़ों एवं उनकी टहनियों की छंटाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्युत आपूर्ति बाधित होने एवं किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके। हजारीबाग एवं बरही के कनीय विद्युत अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर छंटाई का कार्य 15 दिसंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करें तथा कार्य की तस्वीरें निर्धारित व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा करें। निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
स्मार्ट मीटर में आ रही त्रुटियों, उपभोक्ताओं की समस्याओं एवं बिजली बिलों की जांच के संबंध में उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन कार्य की प्रगति की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में ट्रांसमिशन विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि भेलवाड़ा ग्रिड का निर्माण हो चुका है तथा ट्रांसमिशन लाइन का कार्य प्रगति पर है। इस ग्रिड से हजारीबाग को 25 मेगावाट विद्युत भार उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अतिरिक्त बभनी एवं बरही में नए ग्रिड प्रस्तावित हैं, जबकि पकरी-बरवाडीह में ग्रिड निर्माण कार्य जारी है। बभनी ग्रिड के लिए आवश्यक वन संबंधी स्वीकृति प्राप्त करने हेतु वन प्रमंडल पदाधिकारी को प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) के साथ समन्वय स्थापित कर अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, हजारीबाग में कार्यरत RDSS एजेंसी के प्रतिनिधि अनुपस्थित रहे। इस कारण संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा नहीं हो सकी। उपायुक्त ने इस पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए एजेंसी के प्रतिनिधि से स्पष्टीकरण (शोकॉज) करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त सहित विद्युत विभाग के कनीय एवं सहायक अभियंता तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.