101वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर पांच शाखाओं में हुआ शस्त्र पूजन, विजयादशमी तक कई अन्य स्थानों पर होंगे आयोजन
हजारीबाग : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्थापना दिवस एवं विजयादशमी महोत्सव के 101वें वर्ष के अवसर पर बरही प्रखंड में विस्तारित शाखाओं पर शस्त्र पूजन उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में अब तक भामाशाह शाखा गया रोड बरही, शिव मुहल्ला शाखा बेन्दगी, दुर्गा मंडप शाखा करसो, इंटर कॉलेज शाखा कोनरा तथा महाराणा प्रताप शाखा लसकरी में शस्त्र पूजन उत्सव संपन्न हो चुका है। कार्यक्रमों में स्वयंसेवकों ने शस्त्र पूजन कर राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का संकल्प लिया।
इन आयोजनों में क्रमशः जिला बौद्धिक प्रमुख सुबोध पाण्डेय, क्षेत्र सेवा प्रमुख त्रिवेणी साव, खंड संपर्क प्रमुख प्रो. रामपदारथ शर्मा, खंड बौद्धिक प्रमुख सुधीर चन्द्रा तथा शाखा सेवा कार्यकर्ता डॉ. बिनोद साव ने शस्त्र पूजन किया। इस दौरान उपस्थित स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने राष्ट्र चेतना जागृत करने और संगठित समाज के निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति-व्यक्ति में राष्ट्रभावना जागृत कर समाज को संगठित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पिछले 101 वर्षों से कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वयंसेवकों को राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता, सेवा और संगठन के महत्व से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि जागरूक एवं संगठित समाज ही राष्ट्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विजयादशमी तक कई अन्य शाखाओं में होंगे आयोजन
विजयादशमी की तिथि 20 अक्टूबर तक बरही प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में शस्त्र पूजन उत्सव आयोजित करने की तैयारी चल रही है। इसके तहत खेरौन, बरहीडीह, रसोइया धमना, पुरहरा, करियातपुर, दुलमाहा, बरसोत तथा बरही की शिवाजी शाखा सहित कई अन्य स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर संघ की प्रार्थना और राष्ट्रसमर्पण की भावना से प्रेरित होकर स्वयंसेवक संगठन विस्तार एवं सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ जुटे हुए हैं।
संघ की प्रेरक उक्ति
\“स्वयंसेवक बन गए अब, और आगे पग धरें। भारती का यश करें, भारती का यश करें।”\
इस उक्ति के भाव के अनुरूप बरही प्रखंड में शाखा विस्तार और शस्त्र पूजन उत्सवों के माध्यम से स्वयंसेवकों को राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध एवं सामाजिक संगठन का संदेश दिया जा रहा है।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.