बरही में दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी-एसपी ने पूजा पंडालों और रावण दहन स्थल का किया औचक निरीक्षण
हजारीबाग : दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त हेमन्त सती एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बरही के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों और रावण दहन स्थल का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों के इस निरीक्षण से स्पष्ट संदेश दिया गया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, गया रोड तथा रसोइया धमना स्थित पूजा पंडालों का भ्रमण किया। इसके बाद प्रखंड परिसर स्थित मैदान में रावण दहन स्थल की तैयारियों का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने पूजा समितियों से आयोजन की रूपरेखा, पंडालों की थीम और सजावट के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सुरक्षा व्यवस्था में चूक नहीं हो, हर बिंदु पर हुई पड़ताल
पूजा पंडालों के निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, यातायात प्रबंधन, उद्घोषणा प्रणाली, गैलरी, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच की गई। इसके अलावा मूर्ति विसर्जन मार्ग, झांकियों की व्यवस्था, स्वयंसेवकों की तैनाती तथा साफ-सफाई की स्थिति का भी आकलन किया गया।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने पूजा समितियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम रखने, आपात स्थिति से निपटने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए पहले से पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
रावण दहन स्थल पर साफ-सफाई, रोशनी और बैरिकेडिंग पर जोर
प्रखंड परिसर स्थित रावण दहन स्थल के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त हेमन्त सती ने समिति के अध्यक्ष एवं सचिव को परिसर की समुचित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मजबूत बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया। उन्होंने आयोजन स्थल पर संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि रावण दहन कार्यक्रम के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन ने की अपील
उपायुक्त हेमन्त सती ने कहा कि दुर्गापूजा एवं दशहरा सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और आपसी सौहार्द का पर्व है। सभी पूजा समितियां प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
निरीक्षण में ये अधिकारी एवं प्रतिनिधि रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उपविकास आयुक्त रिया सिंह, बरही एसडीओ जोहन टुड्डू, एसडीपीओ राधाप्रेम किशोर, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, जिला परिषद प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, सद्भावना विकास मंच के अध्यक्ष राजसिंह चौहान, बीडीओ जयपाल महतो, सीओ चंद्रशेखर कुणाल, इंस्पेक्टर बिनोद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
वहीं, सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष उदय केशरी, रसोइया धमना पूजा समिति के अध्यक्ष रामलखन राम गुप्ता, प्रो. बद्री साव, बिरेन्द्र कुमार सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि दुर्गापूजा और दशहरा का उत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाए, लेकिन सुरक्षा, अनुशासन और आपसी सौहार्द से किसी भी स्तर पर समझौता न हो।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.