बरही में नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई, जयकारों से गूंजा क्षेत्र
बरही में नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई, जयकारों से गूंजा क्षेत्र; जवाहर घाट में देर रात हुआ प्रतिमा विसर्जन
ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रहा प्रशासन
बरही- नौ दिनों तक भक्ति, आस्था और उल्लास से सराबोर रहा बरही का माहौल मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ भावुक हो उठा। कहीं ढोल-नगाड़ों की गूंज थी, तो कहीं मां की विदाई में श्रद्धालुओं की आंखें नम थीं। मां दुर्गा के जयकारों के बीच निकली विसर्जन शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने मां को अंतिम विदाई देते हुए अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना की।
बरही की धनबाद रोड, पटना रोड और गया रोड स्थित दुर्गा पूजा समितियों के साथ अफीम कोठी हजारीबाग रोड की प्रतिमाएं बुधवार शाम करीब पांच बजे विसर्जन के लिए निकाली गईं। आकर्षक ढंग से सजाए गए वाहनों पर विराजमान मां दुर्गा की प्रतिमाओं के साथ बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। ढोल-ताशे और गाजे-बाजे की धुन पर श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। बरही के प्रमुख मार्गों से गुजरती शोभायात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
विभिन्न मार्गों का भ्रमण करने के बाद शोभायात्रा जवाहर घाट पहुंची, जहां देर रात विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इधर, रसोइया धमना, करियातपुर और विजैया की दुर्गा पूजा समितियों की ओर से भी प्रतिमा विसर्जन किया गया। इन स्थानों पर श्रद्धालुओं ने नजदीकी नदी और तालाबों में प्रतिमाओं का विसर्जन कर मां को भावपूर्ण विदाई दी। विसर्जन के साथ ही शारदीय दुर्गापूजा का समापन हो गया।
विसर्जन यात्रा पर प्रशासन की पैनी नजर, अधिकारी रहे तैनात
प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। बरही चौक पर एसडीओ जोहन टुडू, डीएसपी राधा प्रेम किशोर, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विनोद कुमार और सीओ चंद्रशेखर कुणाल मौजूद रहे। अधिकारियों ने विसर्जन शोभायात्रा की व्यवस्था का जायजा लिया और विधि-व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि भगवान केसरी, जिला परिषद प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, मुखिया सिकंदर राणा, प्रतिनिधि छोटन ठाकुर, अमित साहू, दिनेश साहू, उदय केशरी और शिवा निषाद सहित विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूजा समितियों और प्रशासन के समन्वय से प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। मां दुर्गा की विदाई के साथ ही बरही में दुर्गापूजा का उत्सव संपन्न हो गया। श्रद्धालुओं के मन में मां के प्रति अटूट आस्था और अगले वर्ष पुनः आगमन की उम्मीद बनी रही।
रिपोर्टर राहुल राणा

No Previous Comments found.